खेलकूद में हर स्कूल की भागीदारी जरूरी

कुल्लू। स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता में हर स्कूल को शिरकत करनी होगी। यही नहीं शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि अगर किसी स्कूल की टीम प्रतियोगिता में भाग नहीं लेती है तो ऐसे स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। उच्च शिक्षा विभाग कुल्लू ने सालाना खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर कमर कस ली है। दो जुलाई से जोन स्तर पर इन खेलों का आगाज होगा। इसमें उच्च शिक्षा केे तहत आने वाले सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रतिभागी छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
खेलकूद में जो स्कूल अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं करेगा उन पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस स्तर पर विभाग ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों और मुख्याध्यापकों को फरमान जारी कर दिए हैं। डीएसएसए के सचिव केएल राणा ने बताया कि दो से चार जुलाई तक आनी, निरमंड, बंजार, कुल्लू तथा मनाली जोन की छात्र वर्ग की खेलें दलाश, जांओं, मंगलौर, गड़सा तथा कटराईं में होंगी। 16 से 18 जुलाई तक छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता आनी जोन की आनी स्कूल में, निरमंड की निरमंड में, बंजार की सैंज स्कूल में, कुल्लू जोन की भुंतर स्कूल में तथा मनाली जोन की नग्गर स्कूल में होंगी। इन खेलों में खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन तथा वालीबाल मुकाबले शामिल रहेंगे।

मेजर खेलें 21 अगस्त से
छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय मेजर और एथलेटिक्स स्पर्धा 21 से 23 अगस्त तक तथा छात्र वर्ग की 24 से 26 अगस्त तक ढालपुर में होगी। इसमें हैंडबाल, फुटबाल तथा बास्केटबाल की खेलें शामिल रहेंगी। छात्र वर्ग की जिला स्तरीय माइनर खेलें 11 से 13 सितंबर तक बंजार और छात्रा वर्ग की कुल्लू में 19 से 21 सितंबर तक होंगी। छात्र वर्ग की सांस्कृतिक स्पर्धा बजौरा स्कूल में दो ओर तीन नवंबर तक होंगी। छात्रा वर्ग की स्पर्धाएं पांच से सात नवंबर तक बजौरा में होंगी। इसमें एकल गान, समूह गान सहित अन्य स्पर्धाएं होंगी।
खेलों को लेकर तैयारियां शुरू : जगदीश
उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने कहा खेलों में भाग न लेने वाले स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। विभाग ने खेलों के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Related posts