खेलकूद में ठियोग ओवरआल चैंपियन

ठियोग (शिमला)। ठियोग ब्लॉक की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में मेजबान ठियोग स्कूल के बच्चों ने बढ़िया खेल का प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में सेवानिवृत्त शास्त्री श्यामलाल ने बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठियोग के खेल मैदान में हुई। इसमें ठियोग ब्लॉक के 30 स्कूलों के लगभग 400 बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। चार दिवसीय प्रतियोगिता में वॉलीबाल और कबड्डी में ठियोग स्कूल विजयी रहा। जबकि, खो-खो में मिडिल स्कूल पराला, बैडमिंटन में मिडिल स्कूल बगाघाट और योग तथा लोकनृत्य के खिताब पर जनोटी स्कूल ने कब्जा जमाया। समूहगीत में हिमालयन पब्लिक स्कूल, एथलेटिक्स में चियोग और नाटक में ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शरीक सेवानिवृत्त शास्त्री ने स्कूल को बीस हजार और कोचिंग कैंप के लिए पांच-पांच हजार रुपये दिए। कन्या स्कूल के एसएमसी अध्यक्ष गीता राम शर्मा ने भी बच्चों को पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी। इस अवसर पर प्रबंधक सचिव एवं स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र वर्मा, ठियोग ब्लॉक खेल प्रभारी देवेंद्र चंदेल, कौशल्या वर्मा आदि मौजूद रहे।

Share Tweet 0
inShare.

Related posts