खेतों में भांग तो मालिक पर मुकदमा

कुल्लू। जिले के विभिन्न हिस्सों में अगर किसी के खेतों या जमीन पर भांग उगी है तो वे उसे खुद ही नष्ट कर दें। 16 अगस्त के बाद अगर ऐसे मामले पाए जाते हैं तो पुलिस महकमा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी। यह चेतावनी एसपी डा. विनोद कुमार धवन ने मंगलवार को कुल्लू के देवसदन में आयोजित बैठक में दी। बैठक में जिले की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि किसी की निजी जमीन में 16 अगस्त के बाद अगर भांग पाई जाती है तो जमीन मालिक अंदर होगा। राजस्व विभाग के पटवारी तथा वन क्षेत्र में भांग की खेती होने पर गार्ड और बीओ पर इसकी गाज गिरेगी।
उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से भांग उखाड़ो अभियान शुरू होगा। इसमें अगर कोई संलिप्त पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बैठक में मौजूद पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, बीडीसी तथा जिप सदस्यों से इस दिशा में सहयोग करने की अपील की। कहा कि समाज में हर बुराई को रोकने तथा इससे लड़ने के लिए पुलिस की मदद करने के लिए जनसहयोग जरूरी है। कहा कि मां-बाप अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। अभिभावक अपने बच्चों के कदमाें को पहचानें। इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष मेघ सिंह ठाकुर तथा रैला पंचायत के प्रधान प्रीतम सिंह ने भी विचार रखे। बैठक में एएसपी निहाल चंद, जिप सदस्य प्रेम लता ठाकुर, बुद्धि सिंह, हितेश्वर सिंह, एसएचओ फिरोज खान सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts