
अंब (ऊना)। बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। अंब के घंघरूही में कास्टिक सोडा तैयार करने के लिए एक उद्योग की स्थापना होने जा रही है। यह उद्योग 165 करोड़ रुपये की लागत से लगेगा। इससे कई बेरोजगारों के लिए रोजगार के भी द्वार खुलेंगे। बताया जा रहा है कि उद्योग की स्थापना के बाद करीब 250 बेरोजगार यहां रोजगार पाएंगे। अप्रत्यक्ष रूप से भी कइयों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उद्योग विभाग से मंजूरी हासिल करने के बाद अब उक्त उद्योग को धारा 118 के तहत दी जाने वाली अनुमति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
कई समस्याओं से जूझ रहे विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में बेरोजगारी भी एक बड़ी समस्या है। इस समस्या का निराकरण यहां उद्योगों की स्थापना के लिए माहौल तैयार कर ही किया जा सकता है। विधायक एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि औद्योगिक घराना यहां उद्योग लगाने के लिए तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद इस दिशा में पूरा खाका तैयार किया गया है, ताकि बेरोजगारों को लाभ मिले। इसके बाद उद्योग विभाग विभिन्न औद्योगिक घरानों को विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में भी उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने लगा है। हिमालय अलकाइलिस एंड केमिकल नाम से उक्त उद्योग करीब 300 कनाल भूमि पर स्थापित होगा। इस उद्योग की स्थापना के बाद माल ढुलाई के लिए भी कई ट्रक आपरेटरों को काम मिलेगा। उद्योग विभाग द्वारा सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अब भूमि खरीद के लिए उद्योग प्रबंधन को धारा 118 के तहत अनुमति प्रदान करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
कोट्स
उद्योग विभाग के उपनिदेशक तिलक राज शर्मा ने बताया कि हिमालय अलकाइलिस एंड केमिकल को उद्योग स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग द्वारा मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा यूनिट है, जो सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगा।
वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार का कहना है कि विकास की दृष्टि से अति पिछड़े इस क्षेत्र में बेरोजगारी भी एक बड़ी समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना को प्राथमिकता दी जाएगी।
