खुरवाईं में एटीएम तोड़ने का प्रयास

बंगाणा(ऊना)। बंगाणा उपमंडल में बैंक और एटीएम चोरों के निशाने पर हैं। नाकाबपोश चोरों ने बंगाणा के बाद अब खुरवाईं में एटीएम तोड़ने का प्रयास किया है। उपमंडल में दो दिनों के भीतर एटीएम तोड़ने की दूसरी वारदात है। हालांकि चोर अपने मनसूबों में कामयाब नहीं हुए हैं। सिलसिले बार बढ़ती चोरी की वारदातों से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान उठ खड़े हुए हैं। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात चोरों ने खुरवाईं स्थित बाजार के बीचोंबीच पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को अपना निशाना बनाया। चोरों ने एटीएम कक्ष का ताला तोड़ने की कोशिश की। बंगाणा एटीएम घटना की तरह वहां पर भी अज्ञात चोर कैश तक नहीं पहुंच पाए और खाली हाथ वापस लौट गए। लेकिन ऐसी घटनाओं से क्षेत्र की जनता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि खुरवाईं की वारदात में सीसीटीवी कैमरे में पता नहीं चल रहा है कि लुटेरे कितने थे और किस भेश में आए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। रामदास कौशन ने बताया क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Related posts