
कुल्लू। देवता खुडीजल का रथ सोने-चांदी के मोहरों से सजकर तैयार हो गया है। 20 अगस्त को सैकड़ों हारियानों, कारकूनों और देवलुओं की मौजूदगी में देवता के रथ का देहुरी स्थित देवालय में शृंगार किया गया। उनके साथ देवता खौला के रथ को भी सजाया गया है। मेले को शानदार और यादगार बनाने के लिए हालांकि कमेटी ने पूरी तैयारियां कर रखी हैं लेकिन इस बार 24 अगस्त से शुरू होने वाले इस 11 दिवसीय मेले में देवता टकरासी नाग शिरकत नहीं करेंगे। इससे देवलुओं में निराशा है।
देवता खुडीजल के मुख्य कारकरिंदों ने देवता को मेले में लाने के लिए टकरासी नाग के हरियानों से आग्रह किया लेकिन बात नहीं बन पाई। देवता नाग सालों से मामा (खुडीजल) के इस मेले में आते रहे हैं। लेकिन इस बार देवता के कारकूनों के साफ मना करने से करशैईगाड़ के लोगों में मायूसी है। देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह तथा कुल पुरोहित फौजी लाल शर्मा ने कहा कि इस बार मेले में नाग के नहीं आने से माता-भांजे का मिलन नहीं होगा। मेले में कई अन्य देवी-देवता शिरकत करेंगे। इसमें बंजार, छतरी के अलावा स्थानीय देवी माता बूढ़ी नागिन और करशाली नारायण शामिल हैं। ग्रामीणों ने भी मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सेब सीजन के चलते दिक्कत
कुल्लू। देवता टकरासी नाग के कारदार किशोरी लाल ने कहा कि देवता के हरियान और कारकूनों के सेब सीजन में व्यस्तता के चलते देवता मेले में शिरकत नहीं करेंगे।
