
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत चींह के पांच गांवों में पिछले डेढ़ माह से पानी नहीं आ रहा है। प्रशासन के आश्वासन के बावजूद भी धरातल स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत में अभी तक कोई भी अधिकारी व कर्मचारी लोगों की समस्या के समाधान के लिए नहीं पहुंच पाया है। ग्राम पंचायत प्रधान पिंकी देवी ने बताया कि उन्होंने आईपीएच सलूणी के एसडीओ को इस समस्या के बारे में अवगत करवाया था और समस्या के जल्द समाधान की मांग की थी। अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। पेयजल सप्लाई बाधित होने से गांव चींह, सडयालू, हलोई, चींह दो व ढबी गांवों की 200 आबादी को डेढ़ माह से पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पांच किलोमीटर दूर नाले से पानी ला रहे हैं। मवेशियों के लिए और बच्चों को नहलाने के लिए पानी की व्यवस्था नहीं हो रही है। बच्चों को बिना नहलाए ही स्कूल भेजना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सिधोट से चींह तक आने वाली पेयजल लाइन 1987 से बनी हुई है और इसी पेयजल लाइन से सिधोट गांव के लिए राजनीतिक दबाव के चलते अतिरिक्त कनेक्शन दिए गए हैं। इसके चलते गांवों में पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों सेवक राम, इंद्र राम, प्रेम लाल, लोभी राम, दुखा, दुग्गल व मोती राम ने बताया कि पानी न होने के कारण डेढ़ माह से लोग बिना नहाए गुजर बसर कर रहे हैं। लोगों को कपड़े धोने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं लेता है तो ग्रामीण जिला मुख्यालय में खाली बर्तन व मैले कपड़े लेकर प्रदर्शन करेंगे।
इस बारे में आईपीएच के एसडीओ केवल शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या ध्यान में है। कनिष्ठ अभियंता को समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
