
नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत दिल्ली सरकार ने रविवार को अनाज बांटने की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित समेत तमाम कांग्रेसी विधायक अनाज बांटकर वोट सुरक्षित करने में जुट गए हैं। फिलहाल पुराने कार्ड पर ही प्रति व्यक्ति चार किलो गेहूं और एक किलो चावल दिया जाएगा।
पहले चरण में 32 लाख लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। हालांकि भाजपा विधायकों के क्षेत्र में अनाज वितरण के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए। भाजपा विधायक सतप्रकाश राणा का कहना है कि इस तरह की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र लोगों को रियायती दर पर अनाज वितरण शुरू किया। उन्होंने नई दिल्ली के लक्ष्मीबाई नगर, दक्षिण किदवई नगर, कृष्ण मेनन मार्ग और कॉपरनिकस मार्ग पर अनाज का वितरण किया। वहीं विधायकों ने अपने-अपने इलाकों में वितरण कार्य की निगरानी की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगले साल जनवरी तक 73 लाख लोगों तक योजना की पहुंच होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवारों को पहले की तरह 35 किलो अनाज मिलता रहेगा, जबकि बाकी परिवारों को 5 किलो प्रति सदस्य के हिसाब से मिलेगा। कांग्रेसी विधायकों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा योजना और अन्नश्री योजना को मिलकर जितने परिवार जुड़ेंगे, इसका फायदा चुनाव में मिलेगा।
—-
राशन मिलने में दिक्कत हो तो करें शिकायत
खाद्य सुरक्षा आयुक्त एसएस यादव का कहना है कि पहले चरण में बीपीएल, एएवाई, पुनर्वास कॉलोनी व झुग्गी-झोपड़ी कार्ड धारकों को अनाज मिलेगा। अगर कोई राशन दुकानदार सप्ताह में छह दिन दुकान नहीं खोलता है और राशन प्रतिव्यक्ति पांच किलो से कम देता है या आनाकानी करता है तो उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1967 पर शिकायत कर सकते हैं।
