
हमीरपुर। जिले में सरकारी स्कूलों की दशा को सुधारने के प्रयास शुरू हो गए हैं। अमर उजाला के अभियान के बाद शिक्षा महकमा जागा है। स्कूलों में भवन की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। उपायुक्त हमीरपुर ने शिक्षा उपनिदेशक को पत्र लिख त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पत्र के साथ अभियान के दौरान प्रकाशित समाचारों (स्कूल समस्याओं) की कटिंग भी प्रेषित की हैं। इसके पश्चात उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने भी स्कूलों को पत्र जारी कर जल्द रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी। सुस्ती बरतने वाले स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। विभाग की मानें तो रिपोर्ट मिलने पर आवश्यकता अनुसार फंड भी उपलब्ध करवाया जाएगा। अमर उजाला ने जिले के सरकारी स्कूलों में भवन की खस्ता हालत को अभियान के माध्यम से उजागर किया था। स्कूलों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं पर मंडरा रहे खतरे के प्रति विभाग, प्रशासन को चेताने का प्रयास किया था। इससे कोई अनहोनी होने पर एक दूसरे पर जिम्मेवारी डालने, जांच के झमेले से बचा जा सके। प्रशासन और विभाग अब हरकत में आया है।
उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबयाल ने कहा कि समस्त स्कूलों को रिपोर्ट भेजने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। जिन स्कूलों में समस्या है, उन्हें जल्द रिपोर्ट देने को कहा जा रहा है। उपायुक्त की ओर से जारी पत्र भी कार्यालय को मिल गया है। उपायुक्त हमीरपुर आशीष सिंहमार ने भी एक बैठक के दौरान अमर उजाला के अभियान की सराहना की थी और मसले पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
