
आनी (कुल्लू)। आउटर सिराज क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां की खूबसूरत वादियों में पनेउ, टकरासी, जलोड़ीजोत, सरेउलसर, रघुपुर गढ़ और निरमंड में बागासराहन जैसे स्थल शामिल हैं जो सैलानियों को यहां आने के लिए मजबूर करते हैं। लेकिन, जो सैलानी यहां एक बार आता है, दूसरी बार यहां आने से तौबा कर लेता है। वजह, इन क्षेत्रों के लिए बनाई गई सड़कें अभी तक वन विभाग के पास हैं। इसके चलते सड़कों का उचित रखरखाव न होने के कारण इन सड़कों की हालत खस्ता है।
अंग्रेजों के समय की बनीं ये सड़कें जहां संकरी हैं, वहीं कई जगह बड़े-बडे़ गड्ढे पड़े हुए हैं। इसके चलते इन सड़कों पर सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है। परिणामस्वरूप यहां सैलानियों की संख्या घट रही है। वन विभाग की अनदेखी की शिकार इन सड़कों की दशा सुधारने के लिए पंचायत समिति आनी ने भी इन्हें वन विभाग से लोक निर्माण विभाग के हाथों सौंपने के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा है। पंचायत समिति अध्यक्ष आनी अनु ठाकुर, सचेत संस्था के अध्यक्ष डोला सिंह चौहान का कहना है कि वन विभाग सड़कों का रख रखाव नहीं कर पा रहा है। इससे सड़कों को लोक निर्माण विभाग को दिया जाए, जिससे नियमित रूप से सड़कों की देखरेख हो सके।
