
काईस (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खराहल में राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता अभियान 2012-13 के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ईक्को क्लब के सौजन्य से किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने चित्रकला, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में अपने हुनर का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम ईक्को क्लब के प्रभारी आरके शर्मा और प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर, जीव विज्ञान प्रवक्ता निरंजन ने भाग लिया।
नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर पंकज और तीसरे स्थान पर रीनू रहीं। चित्रकला में प्रथम मदन, द्वितीय स्थान पर मोनित और तीसरे स्थान पर सुशील शर्मा रहे। भाषण प्रतियोगिता में विशाली महंत पहले स्थान पर रहीं। निजू शर्मा ने दूसरा और दीपिका शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर ने बताया कि इसी अभियान के तहत शुक्रवार को ईक्को क्लब टीम, छात्र-छात्राओं के साथ खराहल घाटी के धाट से बिजली महादेव का भ्रमण करेगी। इस दौरान जैव विविधता पर जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
