
अंब (ऊना)। हथियारों से लैस खनन माफिया ने अंब के चक क्षेत्र में निजी भूमि खोद डाली। खनन में जुटे माफिया के लोगों के हाथों में तलवार, गंडासे और लाठियां देखकर भूमि मालिक की उनके सामने जाने की हिम्मत नहीं हुई। सूचना के बावजूद खनन और पुलिस विभाग का कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। खनन माफिया की दबंगई से कोई अधिकारी भी मौके पर पहुंचने से कतरा रहा है। इसमें विभागीय कर्मियों की मिलीभगत का भी अंदेशा जताया जा रहा है। अंब के ठठल निवासी जगदीप सिंह के साथ यह सब हुआ। उन्होंने रविवार को अंब पुलिस के पास भी इसकी शिकायत की है। जगदीप सिंह के मुताबिक उनकी जमीन स्वां किनारे चक से लेकर ठठल तक पड़ती है। इसमें खसरा नंबर 136, 137, 139, 159 और अन्य पर करीब 57 कनाल भूमि उनकी है। उस भूमि पर खनन माफियाओं ने खनन कर रेत और बजरी निकाली। 11 सितंबर की रात को उनके रिश्तेदार ने उन्हें खबर दी कि उनक ी जमीन से रेत बजरी ढोई जा रही है। इस पर उन्हाेंने एसपी कार्यालय ऊना को फोन किया। एसपी कार्यालय से उन्हें अंब थाने में फोन करने को कहा गया। जब उन्हाेंने अंब थाने में इसकी सूचना दी तो उन्हें जवाब मिला कि थाने में दो चालान बुक हैं। दोनों चालान बुक लेकर अभी टीम क्षेत्र में पकड़े गए खनन के ट्रैक्टरों का चालान में लगी है। उधर, मौके पर हथियारों से लैस करीब 35 लोग पांच ट्रैक्टरों और टिप्परों में रेत बजरी भरने का काम कर रहे थे। जगदीप सिंह अपने भतीजे को अपने साथ लेकर गए थे। खनन में जुटे हथियारों से लैस इतने लोगों को देखकर जगदीप और उनका भतीजा उनके करीब जाने की हिम्मत न जुटा सके। उन्होंने कहा कि खनन विभाग के गार्ड को भी सूचना दी। करीब दो एक घंटे बीते, लेकिन न तो पुलिस आई और न ही खनन विभाग के गार्ड पहुंचे। माफिया ने उनकी जमीन से रेत के ट्रैक्टर व टिप्पर भरे और चलते बने। खनन माफियाओं के इस दबंग रवैये के खिलाफ जगदीप ने रविवार को अंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उधर, अंब के डीएसपी मदन कौशल का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
