खनन को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक गंभीर

बाजपुर। बंजारी वन निगम कांटे पर उप खनिज के लिए लगी कतार तोड़कर डंपर ले जाने पर दो पक्ष के बीच मारपीट हो गई। बात बढ़ी तो एक पक्ष के समर्थकों के अंधाधुंध फायरिंग करने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाने के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। घटना से खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रामनगर और बाजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कोसी, दाबका बंजारी गेट वन निगम के द्वितीय कांटे पर रायल्टी का टोकन लेने के लिए डंपर, ट्रैक्टर-ट्राली, ट्रकों की लाइन लगी थी। इसी दौरान गांव गोबरा निवासी बूटा सिंह का ड्राइवर लड्डू सिंह बिना कतार डंपर लेकर खनन क्षेत्र में जाने लगा। इस पर लाइन में लगे रमेश चंद और बलवीर सिंह ने इसका विरोध किया जिस पर हंगामा हो गया। देखते ही देखते दोनोें पक्ष के बीच मारपीट हो गई। लड्डू सिंह को दूसरे पक्ष के लोगों ने थप्पड़ जड़ दिया। मौजूद लोगों ने कांटे पर तौल और टोकन बंद होने की आशंका पर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद दोनों पक्ष के समर्थक आ धमके । बताते हैं कि मौके पर पहुंचते ही लड्डू सिंह पक्ष के समर्थकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से बलवीर चंद (35) पुत्र दीवान चंद निवासी गोबरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से खनन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बाजपुर सीओ जीसी टम्टा, बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी केएस नेगी, रामनगर कोतवाल डीएल विश्वकर्मा मय फोर्स मौके पर पहुंचे। सीओ टम्टा ने बताया कि जिस स्थान पर कांटा लगा है वह रामनगर क्षेत्र में हैं, लेकिन रास्ते के दूसरी ओर खडे़ बलवीर चंद, जिसको गोली लगी वह क्षेत्र बाजपुर के अंतर्गत आता है। इसलिए मुकदमा बाजपुर कोतवाली में दर्ज किया जाएगा।

Related posts