
मुबारिकपुर (ऊना)। भंजाल खड्ड में डूबने से अंशुमन पुत्र राकेश गुलेरिया की मौत हो गई है। इस घटना से क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। अंशुमन खड्ड के पानी में पांव धोने के लिए उतरा था। इस दौरान वह खड्ड किनारे एक गड्ढे में डूब गया। उसे डूबते हुए देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया। इस बीच गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंचे। लोगों ने अंशुमन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। खड्ड के किनारे बना यह गड्ढा अंशुमन के लिए काल बन गया। बताया जा रहा है कि अवैध खनन के दौरान खनन माफिया द्वारा बनाए गए ये गड्ढे बरसात के पानी से भरे हैं और बच्चों एवं पशुओं की जान ले रहे हैं। भंजाल गांव में अंशुमन की मृत्यु भी खड्ड में बने गड्ढे में भरे पानी में डूबने के कारण हुई है। लोगों में निहाल चंद, प्रीतम कुमार, आशीष राणा, दीपक, सुधीर और अर्जुन सिंह आदि ने अंशुमन की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
