खड्ड में डूबने से छात्र की मौत

मैहला (चंबा)। मैहला खड्ड में डूबने से एक सातवीं कक्षा की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत चड़ी के गांव कुहाड़ी निवासी अजय कुमार पुत्र कमल कुमार बुधवार को दोपहर डेढ़ बजे के करीब एसबीअई शाखा मैहला में खाता खुलवाने के लिए गया। वहां बैंक में मौजूद उसके पिता ने उसे आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लाने अपने घर कुहाड़ी भेजा। घर जाते समय खड्ड में उसका पांव फिसल गया और डूब गया। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम पंचायत मैहला के उपप्रधान मैहला मनोज जसरोटिया ने बताया कि अजय कुमार राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैहला सातवीं कक्षा में पढ़ता है। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। एसएचओ थाना सदर तिलक राज ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts