
देवाल। क्षेत्र पंचायत की बैठक में लोक निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग की लचर कार्यशैली पर सदस्यों ने खूब हंगामा काटा। प्रमुख ने जानकारी उपलब्ध न कराने पर खंड शिक्षाधिकारी को सदन से बाहर कर दिया। प्रमुख ने आरोप लगाया कि खंड शिक्षाधिकारी स्कूलों की स्थिति पर गुमराह कर रहे हैं।
मंगलवार को ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख डीडी कुनियाल की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय सौंरीगाड़ में ताला लगा होने और अन्य विद्यालयों के भी नियमित न खुलने पर रोष व्यक्त किया गया। सदस्यों ने लोनिवि के कार्यों की जांच की मांग भी की। सदस्यों का कहना था कि राजजात मार्गों पर एक दर्जन से अधिक स्क्रवर ढह गए हैं। वहीं बिना निकास नाली निर्माण के मानकों के विपरीत डामरीकरण कार्य हो रहा है। उन्होंने सवाड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण और आरटीओ से पास कराने, पलबरा और बेराधार मोटर मार्ग का निर्माण किए जाने की मांग भी की।
सदन में देवाल बाजार में अतिक्रमण हटाने, बाजार में सड़क के दोनों ओर निकास नाली बनाने, टैक्सी स्टैंड का निर्माण करने, बाजार में दो सौ केवी का ट्रांसफार्मर लगाने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण के प्रस्ताव भी पारित किए गए। सदस्यों ने ब्लाक में बंद पड़े पांच राप्रावि विद्यालयों को पुन: खोलने, बीईओ का स्थानांतरण करने, सौंरीगाड़ व मेलमेंडा सहित अन्य विद्यालयों में इस सत्र में शिक्षकों की तैनाती की मांग की गई। सदस्यों ने वन विभाग के अधीन कुलिंग, दिदना, ऑली बुग्याल, कलपट्टा, जैन बिष्ट, तलौर, मेलमिंडा, सुयालकोट, कोटीपार, लोहाजंग आयजन टॉप, घेस, सूया आदि पैदल मार्गो की स्थिति से सदन को अवगत कराया। कुलिंग व बुग्याली जंगलों में हो रही तस्करी और अवैध वन कटान को रोकने सहित पेयजल, स्वास्थ्य, मनरेगा आदि विषयों पर भी चरचा हुई।
एई टिप्पणी पर भड़के पंचायत सदस्य
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जगदीश खाती के मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सदन में खूब हंगामा हुआ। बैठक में जैसे ही राजजात के कार्यो को लेकर सदस्यों ने मीडिया का आभार व्यक्त किया। वैसे ही अपने स्थान से उठकर लोनिवि के एई खाती मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी शुरू कर दी। स्थिति को देखकर सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने विभाग के विरुद्ध जमकर हंगामा काटा। काफी देर बाद ब्लाक प्रमुख और उप जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और एई के माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। S
