
रामपुर बुशहर।(संदीप वर्मा ) हिमाचल किसान सभा की वार्ड इकाई शारवी, दपलाड़ और कुटल की संयुक्त बैठक वीरवार को खंड इकाई उपाध्यक्ष ख्याले नंद और खंड कमेटी सदस्य लाल चंद की अध्यक्षता में की गई। बैठक में किसानों ने क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चरचा की।
इस मौके पर ख्याले नंद ने कहा कि नव उदारवादी नीतियों के चलते सरकार सार्वजनिक नीतियां बनाने से हाथ पीछे खींच रही है। इस कारण कई सरकारी विभागों में पद रिक्त पड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की नाकामी के चलते शिल्ली पंचायत के आयुर्वेदिक अस्पताल में पांच माह से ताला लटका हुआ है। वहीं, शैदरी की वेटरनरी में भी कोई स्थायी पद नहीं है और दो माह से यहां भी ताला लगा हुआ है। इस कारण ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार से वंचित रहना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार और विपक्ष को पार्टी की कोई चिंता नहीं है। जिसके चलते गांव के लोगों में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इन समस्याओं को लेकर क्षेत्रिय मेडिकल ऑफिसर का घेराव किया जाएगा । साथ ही आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। बैठक में नरेश बिष्ट, दयेंतु, प्रेम भारती, पपुलेश, चिंटू, सुरेश और शिव राम उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया है कि अगर लोगों की समस्याओं को समय रहते दूर नहीं किया गया तो मजबूरी में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
