क्रेडिट कार्ड से होगा चालान भुगतान

जालंधर। पुलिस के आधुनिकीकरण व विदेशों की तर्ज पर काम करने के मामले में जालंधर का कमिश्नरेट पुलिस सिस्टम बाजी मार ले गया है। जालंधर पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम में डीजीपी सुमेध सैनी ने सोमवार को तीन नए प्रोजेक्ट शुरू कर दिए हैं। इससे अब घर बैठे ही लोग क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ट्रैफिक चालान को भुगत सकते हैं। इसके अलावा विदेशी नागरिकों को अब परेशानी नहीं होगी, वह आनलाइन अपने मिलने का समय ले सकते हैं। जालंधर में 6300 वर्ग फुट में बने शानदार सदर पुलिस स्टेशन को भी डीजीपी सैनी ने सोमवार को जनता को समर्पित कर दिया। इस दौरान उनके साथ विधायक परगट सिंह, जालंधर के पुलिस कमिश्नर गौरव यादव के अलावा एडीसीपी नवजोत माहल, एडीसीपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों व परमिंदर सिंह भंडाल भी मौजूद थे।
सदर थाना करीब 94 लाख रुपये से बनकर तैयार हुआ है। यहां आठ लाख रुपये की लागत से ट्यूबवेल भी लगाया गया है। डीजीपी ने जालंधर की थाना छह व सात डिवीजन में बीट सिस्टम को नए सिरे संगठित करने की योजना का उद्घाटन किया। इसमें 24 कांस्टेबलों को लगाया गया है, जिनके पास हैडफोन के अलावा सारे आधुनिक उपकरण रहेंगे। इनका काम जनता को सहयोग करना, उनके साथ तालमेल बनाना है। वहीं इनको अमेरिका की निर्मित हथकड़ी भी दी गई है, जो आटोमेटिक लॉक होगी। जालंधर के कमिश्नर गौरव यादव के मुताबिक इससे जनता व पुलिस के बीच आपस का विश्वास बढ़ेगा।
डीजीपी सैनी ने जालंधर के आधुनिक ट्रैफिक थाने के सिस्टम व सरवर में नया टॉपिक जोड़ दिया है। उन्होंने कंपाउंडेबल चालान को क्रेडिट कार्ड के जरिए आनलाइन भुगतने की योजना का लैपटाप पर क्लिक कर उद्घाटन किया। इस वेबसाइट का उद्घाटन 2 दिसंबर 2010 को पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने किया था। अब क्रेडिट कार्ड के माध्यम से इस वेबसाइट पर विजिट कर चालान को भुगता जा सकेगा। इसके लिए 6 फीसदी अतिरिक्त चार्ज लगेगा। कमिश्नर यादव ने कहा इस योजना से अब थानों में बोझ कम हो जाएगा और लोगों को थाने में आने की जरूरत तक नहीं होगी। वहीं कमिश्नर कार्यालय में पासपोर्ट विभाग की तर्ज पर अब विदेशी नागरिक अपने लिए मिलने का समय ले सकते हैं। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की वेबसाइट पर यह सुविधा डाली गई है, जिसका उद्घाटन डिप्टी सीएम ने 12 फरवरी 2011 को किया था। इस वेबसाइट को अब तक नौ लाख 32 हजार लोग देख चुके हैं और जालंधर के कमिश्नर गौरव यादव को उम्मीद है कि लोगों को इसका पूरा फायदा मिलेगा।

Related posts

Leave a Comment