
शिमला। कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर क्रिसमस से हॉली डे स्पेशल ट्रेन चलना शुरू हो जाएगी। एडवांस बुकिंग में तेजी और वेटिंग लिस्ट में बढ़ोतरी के चलते रेलवे प्रबंधन ने इस ट्रेन को चलाने की तैयारी की है। क्रिसमस व न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए शिमला का रुख करने वाले सैलानियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। रेलवे स्टेशन कालका के स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
पहाड़ों की रानी शिमला में क्रिसमस व न्यू ईयर सेलिब्रेशन का प्रोग्राम बना रहे सैलानियों को इसका फायदा होगा। विश्व धरोहर घोषित कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर चलने वाली टॉय ट्रेन में क्रिसमस के दौरान सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसे देखते हुए रेलवे क्रिसमस से पहले (21 दिसंबर संभावित तिथि) हॉली डे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। शिमला आने के लिए सैलानी सड़क व वायु मार्ग की अपेक्षा टॉय ट्रेन को अधिक तवज्जो देते हैं। समुद्र तल से करीब 2000 मीटर की ऊंचाई पर टॉय ट्रेन में सफर के दौरान ठंडी हवाओं व हसीन वादियों का आनंद सैलानियों को अनायास ही अपनी ओर आकर्षित करता है। कालका के रेलवे स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि क्रिसमस व न्यू ईयर को लेकर वेटिंग लिस्ट में बढ़ोतरी के आधार पर मुख्य कार्यालय से अनुमति के बाद हॉली डे स्पेशल शुरू कर दी जाएगी।
गाड़ी चलने का समय
कालका से शिमला : 12:45 बजे
शिमला से कालका : 9:25 बजे
किराया
प्रति सीट 36 रुपये
समय
कालका से शिमला का सफर 5:30 घंटे
रेल लाइन में 102 सुरंगें, 800 पुल
कालका-शिमला रेलवे लाइन 1903 में बिछाई गई थी। रेलवे ट्रक के घुमावदार मोड़ सैलानियों को खासा रोमांचित करते हैं। रेलवे ट्रैक पर कालका और शिमला के बीच 102 सुरंगें और 800 पुल हैं।
