
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में हुई बर्फबारी से व्हाइट क्रिसमस को लेकर मनाली के कारोबारियों में खासा उत्साह है। जशभन के लिए पर्यटन नगरी मनाली दुल्हन की तरह सजी है। पर्यटन विकास निगम ने कपल के लिए 3000 रुपये का पैकेज निर्धारित किया है। इसमें कपल को रात्रि ठहराव के साथ ही कई अन्य स्पर्धाओं में भाग लेने का भी अवसर मिलेगा। पैकेज में कपल को क्लब हाउस में वेलकम, तंबोला गेम्स, पहाड़ी नृत्य, कपल डांस, लैमन डांस तथा डिनर आदि की सुविधाएं शामिल हैं। व्हाइट क्रिममस को लेकर मनाली के निजी होटलों की अक्यूपेंसी में भी भारी वृद्धि दर्ज की गई है। कई होटल पूरी तरह से पैक हो गए हैं। इससे होटल कारोबारी गदगद हैं। इस मौके पर जहां पर्यटन विकास निगम मनाली क्रिसमस क्वीन का चयन करेगा, वहीं निजी होटलों में भी डीजे, कुल्लवी नृत्य, चमन रेस, कपल डांस सहित कई स्पर्धाओं के आयोजन काइंतजाम किया गया है। पर्यटन विकास निगम मनाली के एजीएम एनके बाली ने कहा कि पर्यटन निगम ने कपल के लिए 3000 रुपये का पैकेज रखा गया है। उधर, मनाली रिजार्ट के मैनेजर विवेक कपूर ने कहा कि पर्यटकों के मनोरंजन के लिए खास तैयारियां की गई हैं। मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर तथा प्रेस सचिव मोहन लाल बोकटापा ने कहा कि मनाली में बर्फबारी होने की सूचना मिलते देश भर से सैलानी मनाली की ओर खींचे चले आए हैं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस की पूर्व संध्या पर 15 से 20 फीसदी तक सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकतर होटलों में सैलानियों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
