
हमीरपुर। ग्राम बचाओ संघर्ष समिति भुहाणा ने प्रशासन को 15 दिन के भीतर क्रशर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोई कार्रवाई नहीं होती है तो संघर्ष समिति ग्रामीणों सहित सभी क्षेत्रीय विभागों के कार्यालयों में धरना-प्रदर्शन करेगी।
संघर्ष समिति की महासचिव मीना गुलेरिया ने बताया कि दिनरात चल रहे क्रशर से स्थानीय बाशिंदों का जीना दूभर हो गया है। अवैध खनन से गांव की मुख्य सड़क को काफी नुकसान पहुुंचा है। इससे बस गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। इस कारण स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहाहै। रात के समय मरीज को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। गुलेरिया का आरोप है कि प्रशासन जांच में देरी कर रहा है। 14 मार्च 2012 को एसडीएम भोरंज की रिपोर्ट में क्रशर के अवैध होने की पुष्टि हुई है। अब समिति ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। 15 दिन के भीतर क्रशर को बंद नहीं करवाया तो ग्रामीण क्षेत्रीय विभागों के कार्यालयों में शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रथम चरण में राजस्व विभाग, खनन विभाग और पुलिस विभाग के कार्यालय में धरना दिया जाएगा। समिति ने सूचना उपायुक्त हमीरपुर, पुलिस अधीक्षक, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) को दे दी है।
