
सांगला(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर की पांगी पंचायत में पटेल इंजीनियरिंग कंपनी को पंचायत की ओर से क्रशर प्लांट के लिए दी गई एनओसी का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत ने लोगों को जानकारी दिए बिना ही कंपनी को एनओसी जारी कर दी है।
जिला भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष हाकिम चंद नेगी, पांगी के ग्रामीणों हिगेश चंद्र, प्रमोद कुमार, केशव, धर्म पाल, ठाकुर सैन, कुलदीप सिंह, संतोष सिंह, सत्य प्रकाश, संजीव कुमार, सुंदर कुमार, रमेश कुमार, दीप सागर, मनोज कुमार, चंद्र कुमार और पंकज कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने यहां जारी बयान में कहा है कि 19 जनवरी को ग्राम पंचायत पांगी ने पटेल इंजीनियरिंग कंपनी को क्रशर प्लांट के लिए एनओसी दी है। इसका अधिकतर ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। क्योंकि एनओसी के बारे में न तो कभी ग्राम सभा में चरचा की गई और न ही इस बारे में क्षेत्र के लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने पंचायत पर आरोप लगाया है कि पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने स्वार्थ के लिए एनओसी दे दी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बारे में केवल पंचायत प्रतिनिधियों और पटेल कंपनी प्रबंधन के बीच टेबल वार्ता हुई है। इसे लोगों को नहीं बताया गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को तो इस बात की जानकारी भी नहीं है कि एनओसी के बदले गांव को क्या फायदा मिलेगा। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एनओसी को रद किया जाए और इसके लिए फिर से ग्राम सभा का आयोजन किया जाए।
