
ऊना। क्षेत्र के क्यारा गांव में सर्पदंश से व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में कार्रवाई आरंभ कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 66 वर्षीय हंसराज पुत्र मिल्खी राम निवासी क्यारा अपने घर में बनी सब्जियों की छोटी सी बाड़ी में पौधों की निराई-गुडाई कर रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। हंसराज ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इससे पहले कि उसे थानाकलां स्थित अस्पताल पहुंचाया जा सकता, हंसराज ने दम तोड़ दिया। थानाकलां में चिकित्सकों ने हंसराज को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी बंगाणा पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचा दिया है। एसएचओ बंगाणा रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह किया जाएगा।
