
ऊना। क्षेत्र के मैहतपुर की युवतियों ने कौशल विकास भत्ते में धांधली का आरोप जड़ा है। प्रभावितों ने आरटीए सदस्य दीपक लट्ठ एवं युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अभिनव के नेतृत्व में शुक्रवार को एसपी अनुपम शर्मा को शिकायत पत्र सौंपते हुए इस मामले में छानबीन की मांग की है।
एसपी को ज्ञापन सौंपने आई युवतियों में सुलेखा शर्मा, दीक्षा, सोनिका, अंजू बाला, अनुराधा, अनु बाला, शिव कुमारी और अनु का कहना है कि नगर पंचायत मैहतपुर बसदेहड़ा में कौशल विकास भत्ता योजना के तहत पात्र युवाओं के लिए ट्रेनिंग सेंटर खोला गया था। जहां लगभग 70 युवक-युवतियां कई कोर्सों में प्रशिक्षण हासिल कर रहे थे, लेकिन इस केंद्र को उक्त पार्षद और एक सोसायटी के पदाधिकारी ने हड़प लिया है। जिससे सभी बेरोजगार युवक-युवतियों को केंद्र से बाहर कर उनकी कौशल भत्ता स्कीम को बंद कर दिया गया है। उन्होंने मांग की है कि केंद्र को जल्द खोला जाए और बेरोजगारों की भत्ता किस्तों को जारी किया जाए। उन्होंने केंद्र को बंद करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं इस संबंध में एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि युवतियों की शिकायत पर ऊना सदर के एसएचओ को जल्द जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
