कौशल विकास भत्ते को बेरोजगार युवा करें आवेदन

हमीरपुर। जिला हमीरपुर के अंतर्गत कौशल विकास भत्ता योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बेरोजगार युवाओं को कौशल विभाग भत्ता लेने के लिए रोजगार कार्यालय में आवेदन करना होगा। साथ ही किसी तकनीकी संस्थान में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश भी लेना होगा। प्रमाण देने के पश्चात कौशल विकास भत्ता लाभार्थी के खाते में प्रतिमाह डाल दिया जाएगा। योजना के तहत जिला के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। जिला हमीरपुर के विभिन्न रोजगार, उपरोजगार कार्यालयों में शिक्षित, तकनीकी प्रशिक्षित, अशिक्षित 70 हजार बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। आवेदन करने के लिए लाभार्थी को आवेदन पत्र निशुल्क प्रदान किया जाएगा। हालांकि कौशल विकास भत्ते के लिए विभाग ने कुछ शर्तें निर्धारित की हैं जिस कारण हजारों अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाएंगे। सामान्य आवेदक को 1000 रुपये प्रतिमाह, अपंग आवेदक को 1500 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा।
आवेदक प्रदेश का स्थायी निवासी हो, जमा दो परीक्षा उत्तीर्ण हो, आवेदक का नाम रोजगार कार्यालय में आवेदन की तिथि से 2 वर्ष पूर्व दर्ज हो, परिवार की आय 2 लाख रुपये से कम हो, आयु 25 वर्ष से 36 वर्ष के बीच हो, आवेदक किसी प्रकार का स्वरोजगार न करता हो, पूर्णतया बेरोजगार हो और आवेदक ने दक्षता विकास हेतु किसी संस्थान से प्रशिक्षण या कोर्स में दाखिला लिया हो। दक्षता विकास भत्ता आवेदन की तिथि से अधिकतम 2 वर्ष की अवधि तक या पात्रता की शर्तों में से किसी एक शर्त के समाप्त होने तक दिया जाएगा। आवेदन संबंधित रोजगार कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। पात्रता शर्तें पूरी करने वाले आवेदकों के फार्म जिला में पहुंच जाएंगे। जिला श्रम एवं रोजगार अधिकारी योगराज धीमान ने बताया कि निर्घारित आवेदन पत्र आवेदकों को निशुल्क उपलब्ध करवाने के दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। आवेदकों को योजना के संबंध पूर्ण जानकारी रोजगार कार्यालयों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही है

Related posts