कौशल भत्ते में एक ओर पेंच

हमीरपुर। कौशल विकास भत्ता हासिल करने के लिए एक ओर पेंच फंस गया है। कौशल विकास प्रशिक्षण के साथ अगर अन्य कोर्स किया जा रहा है तो उन युवाओं के लिए बुरी खबर है। वे अब कौशल विकास भत्ते से वंचित हो जाएंगे। सरकार ने आदेश जारी कर जिला रोजगार अधिकारियों को नई गाइडलाइन भेज दी है। इसके तहत अगर प्रशिक्षण के साथ पढ़ाई या फिर अन्य कोर्स किया जा रहा है तो उन्हें कौशल विकास भत्ते से वंचित कर दिया जाएगा। अगर उन्हें वर्तमान में भत्ता मिल रहा है तो उनकी पहचान कर भत्ते को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में कई युवा कौशल विकास भत्ते से महरूम हो जाएंगे। सरकार के निर्णय से हजारों युवा प्रभावित होंगे। जिला रोजगार अधिकारियों ने ऐसे युवाओं की पहचान करना शुरू कर दिया है जो साथ में पढ़ाई या फिर अन्य कोर्स कर रहा है। जल्द ही उन युवाओं का कौशल विकास भत्ता बंद किया जा सकता है।
जिला रोजगार अधिकारी योगराज धीमान ने बताया कि नई गाइडलाइन के अनुसार कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ही भत्ते के लिए पात्र होंगे। कौशल विकास के साथ अन्य कोर्स या शिक्षा ग्रहण कर रहे अभ्यर्थी कौशल विकास भत्ते के लिए पात्र नहीं होंगे।

अभी नहीं मिला भत्ता
जिला में वर्तमान में 3324 युवा कौशल विकास भत्ते के लाभार्थी हैं। इनमें से 597 लाभार्थी सरकारी संस्थानों में कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, 317 निजी आईटीआई, 55 निजी बहुतकनीकी संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अभ्यार्थियों को भी नवंबर माह के बाद से कौशल विकास भत्ते की राशि नहीं मिली है। विभाग की मानें तो अभ्यर्थियाें को दिसंबर और जनवरी माह की भत्ते की राशि एक साथ डाल दी जाएगी। नई शर्त के बाद 969 अभ्यर्थियों में से भी कुछ बाहर हो सकते हैं।

Related posts