
सुंदरनगर (मंडी)। कौशल विकास भत्ते के लिए आयु सीमा कम करने के बाद नाम पंजीकरण को लेकर युवाओं को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुंदरनगर स्थित रोजगार कार्यालय में रोजाना भारी भीड़ उमड़ रही है। रोजगार कार्यालय में स्टाफ की कमी के कारण युवाओं को खासकर युवतियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। यहां हर रोज करीब दो सौ के करीब युवा अपने नाम पंजीकरण करवाने को पहुंच रहे हैं। लेकिन दिन भर केवल साठ का ही पंजीकरण हो रहा है।
प्रदेश सरकार ने जैसे ही कौशल विकास भत्ते के लिए आयु सीमा 18 से 35 साल की, रोजगार कार्यालयों में इसके लिए पंजीकरण करवाने वालों की भीड़ उमड़नी आरंभ हो गई। सुंदरनगर में स्थित रोजगार कार्यालय में 27601 बेरोजगार पंजीकृत हैं। यहां पर अब तक 772 युवा विकास भत्ते के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। सुंदरनगर कार्यालय में सुंदरनगर और निहरी क्षेत्र के युवा अपने नाम पंजीकृत करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन स्टॉफ की कमी के कारण यहां पर सिर्फ 60 नाम ही दिनभर पंजीकृत हो रहे हैं। उपमंडल की दुर्गम क्षेत्र गरबी दरैहट से पहुंची युवती सीमा, सुनीता, ममता, परस राम, राजेंद्र कुमार और गोवर्धन ठाकुर ने बताया उन्हें सुंदरनगर आए हुए तीन-चार दिन हो गए हैं लेकिन सुबह पांच बजे से ही लाइन लग जाने से पंजीकरण नहीं हो पा रहा। इसका कारण पंजीकरण 31 दिसंबर तक करवाने को लेकर फैली अफवाह भी है।
एक अतिरिक्त कर्मचारी होगा तैनात
सुंदरनगर स्थित उप रोजगार कार्यालय में कौशल विकास भत्ते के लिए युवाओं की उमड़ रही भीड़ और दिन भर में 60 का ही पंजीकरण होना का मामला उनके ध्यान में है। मंगलवार से एक अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त किया जा रहा है।
……….एमसी ठाकुर, जिला रोजगार अधिकारी मंडी।
