कौशल भत्ते के नाम पर उगाही वाले बाज आएं : बाली

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। परिवहन, खाद्य आपूर्ति एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने कौशल विकास भत्ते की औपचारिकता को फार्म प्रदान करने की एवज में गरीब लोगों से धन की उगाही कर रही स्वयंभू संस्थाओं को ऐसा न करने की चेतावनी दी है। कहा कि ऐसे लोग बाज आएं अन्यथा उनका पता लगा कर उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बाली ने कहा कि ऐसी कई शिकायतें मिली हैं कि कुछ लोग इस योजना के फार्म प्रदान करने को गरीब लोगों से पैसा वसूल कर रहे हैं, जोकि अनुचित है। ऐसे लोग प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को ऐसे लोगों का पता लगाने को कहा है।
बाली ने कहा कि डिपुओं में खाद्यान्न मुहैया करवाने के सिस्टम में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं तथा इसके अंतर्गत विभाग डिपोधारक को होम डिलीवरी के रूप में सीधे अनाज मुहैया करवाएगा। लोगों को समय पर खाद्यान्न पदार्थ मुहैया हों, इसके लिए डिपोधारक की जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। सारी प्रणाली को कंप्यूटरीकृत करने के लिए केंद्र सरकार से 14 करोड़ प्राप्त किए गए हैं। निकट भविष्य में जिला कांगड़ा में प्रदेश के सभी डिपोधारकों का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। ताकि उनकी समस्याओं का पता लगाया जा सके। प्रदेश के धार्मिक स्थलों को बस सेवा के जरिये दिल्ली से सीधे जोड़ने की उनकी योजना के बाद अब प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को शिमला से जोड़ने की योजना चालू कर दी गई है।
धर्मशाला से शिमला के लिए शनिवार से एक वोल्वो बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सुबह नौ बजे धर्मशाला से वॉया योल, सेराथाना, 53 मील (टांडा मेडिकल कालेज) से होकर शिमला जाएगी तथा शिमला से सुबह नौ बजे धर्मशाला के लिए रवाना होगी।

Related posts