कौन रोकेगा पानी की बर्बादी

दुलैहड़ (ऊना)। गर्मियां शुरू होते ही हरोली विधानसभा क्षेत्र के बीत एरिया में पानी की समस्या से जनता मुश्किल में है। दूसरी तरफ विभाग टूटी हुई पाइपों को दुरुस्त कराने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। विभाग के कर्मी जनता को पानी बर्बाद न करने की हिदायतें देता रहते हैं, लेकिन स्वयं अपनी ड्यूटी को लेकर कोताही बरतें तो इन्हें कौन समझाए। दुलैहड़ सोसायटी के पास पिछले कई दिन से पानी सप्लाई पाइप टूटी हुई है। जिससे रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ ही बह रहा है। हैरत की बात है कि इस जगह से विभाग का कार्यस्थल मात्र 50 मीटर की दूरी पर है, पर विभाग के कर्मचारी इस पर कोई गौर नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में सुरेश कुमार, रविंद्र कुमार, गुरमुख सिंह, शेशपाल, शुभलता, सुनंदा, कनिका, अनु बाला, विशाल ने बताया कि सोसाइटी के पास हो रही पानी की बर्बादी के बारे में आईपीएच के कर्मचारियों को कई बार बताया गया, लेकिन इस पर किसी ने भी कोई संज्ञान नहीं लिया है। अब इस संदर्भ में जल्द ही विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा का कहना है कि उन्हें इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं है। फिर भी पानी की बर्बादी कतई नहीं होने दी जाएगी। कर्मचारियों को तुरंत इसे ठीक करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

Related posts