को-आपरेटिव सोसाइटी के सचिव की मौत

दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के संघनई में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में घनारी गांव के संजय की मौत हो गई। वह को-आपरेटिव सोसायटी में सचिव के पद पर तैनात थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे रविवार को परिजनों के हवाले कर दिया। उनकी मौत से पूरे घनारी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। हादसे के संदर्भ में कोई तथ्य सामने नहीं आ सका है कि संजय की बाइक को टक्कर किसने मारी है। उन्हें घटनास्थल पर मृत अवस्था में ही पाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय संजय भारद्वाज पुत्र ओंकार नाथ भारद्वाज निवासी घनारी शनिवार देर रात घर से संघनई स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल डलवाने निकले थे। तेल डलवाने के बाद घर वापस जाते समय वह हादसे का शिकार हो गए। काफी देर बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सहित युवक को सड़क में पड़े देखा तो इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने रविवार सुबह ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल में युवक का पोस्टमार्टम करवाया और शव को परिजनों के हवाले कर दिया। डीएसपी अंब मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। अभी तक हादसे के कारणों का कोई खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से भी दुर्घटना के संदर्भ में तथ्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts