
काईस (कुल्लू)। पार्वती वन मंडल में नाके के दौरान पाहनाला तथा कोली वेहड़ के पास मारुति वैन से देवदार के 25 स्पीलर बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पार्वती वन मंडल के डीएफओ संदीप शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी भुंतर प्रेम महंत, बीओ मनोहर लाल, वन रक्षक चूड़ सिंह ने पाहनाला के समीप एक नाका लगा रखा था। उसी समय पाहनाला से कुल्लू की तरफ एक मारुति वैन तेज गति से आई। वन विभाग की टीम ने जब उक्त वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन उक्त वाहन चालक तीव्र गति से वाहन को वहां से भगाकर ले गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने भी वैन का पीछा किया। वन विभाग की टीम को पीछा करते देखकर वैन चालक वैन को वहीं छोड़कर भाग गया। वन विभाग की टीम ने जब वैन की जांच की तो उसमें देवदार के 25 स्पीलर पाए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने वैन और उसमें रखे 25 देवदार के स्लीपरों को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएफओ संदीप शर्मा ने बताया कि वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शीघ्र ही चालक को भी पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग वन माफिया के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील की है।
