कोर्ट परिसर से हत्यारोपी फरार

ऊना। जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट परिसर से मर्डर केस का आरोपी पुलिस को नाटकीय ढंग से चकमा देकर फरार हो गया। हत्यारोपी लघुशंका का बहाना बनाकर बाथरूम की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने धरपकड़ को जिला भर में नाकेबंदी कर डाली और कई स्थानों पर दबिश भी दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
धर्मशाला पुलिस सोमवार को मैहतपुर में उद्योगपति के मर्डर के आरोपी राजीव कुमार निवासी देहलां को पेशी के लिए ऊना लाई। कोर्ट परिसर पहुंचने पर राजीव कौशल ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया। पुलिस कर्मियों ने आरोपी की हथकड़ी खोल दी। इसी दौरान राजीव बाथरूम की खिड़की से बाहर निकल कर पहली मंजिल से कूदकर फरार हो गया। काफी समय बाद जब राजीव बाथरूम से बाहर नहीं निकला, तो पुलिस कर्मियों ने अंदर जाकर देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। धर्मशाला से साथ आए दोनों पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर डाली। धरपकड़ को नंगड़ा, पेखूबेला, खानपुर एवं स्वां किनारे बसे राई परिवारों के एक-एक घर में जाकर पूछताछ की। पुलिस ने लोगों को राजीव की तस्वीर दिखाकर शिनाख्त का प्रयास भी किया। निजी व सरकारी बसों की चेकिंग भी की, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं लगा। उधर, एसपी धर्मशाला केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने राजीव की तलाश शुरू कर दी है, उसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

पुलिस कर्मियों पर गिरेगी गाज
धर्मशाला। ऊना में पेशी पर गए धर्मशाला जेल के एक कैदी के फरार होने केमामले में विभागीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी अब आने वाले दिनों में पुलिस कर्मियों के निलंबन को लेकर कार्रवाई करेगी। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि इसके लिए कमेटी गठित की गई है। पुलिस जल्द मामले में निर्णय लेगी।

Related posts