
ऊना। कोटला कलां के खेतों में मंगलवार सुबह बारूद का गोला फटने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि गोला जमीन के अंदर फटा, जिसके चलते व्यक्ति की बाईं बाजू उसकी चपेट में आ गई। जमीन के बाहर गोला फटने की स्थिति में हादसा भयावह हो सकता था। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अप्पर कोटला कलां निवासी पवन कुमार मंगलवार सुबह अपने खेतों के चारों ओर कंटीली तार लगाने के लिए जमीन में खूंटे गाड़ रहा था। इसी दौरान गड्ढे भरने के लिए डाले जा रहे पत्थरों के साथ बारूद का गोला भी चला गया। इसे दबाते समय बारूद फट गया और पवन की बाईं बाजू इसकी चपेट में आ गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग पवन कुमार की तरफ दौड़े और उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
उधर, एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि घायल के बयान लेने के अतिरिक्त मौके का मुआयना भी किया जा रहा है। बताया कि इस तरह के गोले का इस्तेमाल किसानों की ओर से फसलों को सूअरों से बचाने के लिए किया जाता है। जिसे खेतों में फेंका गया था।
