
कुल्लू। प्रदेश में सत्ता से बाहर होने के बाद भारतीय जनता पार्टी अभी से ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। विधानसभा चुनाव और मंडी लोस उपचुनाव में मिली हार की गलतियों से सबक लेते हुए पार्टी की प्रदेश इकाई अगले वर्ष होेने वाले लोस चुनावों की तैयारियों में कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। इसी के चलते आज पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू और मनाली के भाजपा कार्यकर्ताओं को जरूरी टिप्स और 2014 के लिए मैदान मारने को लेकर अभी से जुट जाने का संदेश देंगे। कुल्लू के देवसदन और पतलीकूहल में लगने वाले शिविरों में भाजपा के पदाधिकारियों से भाजयुमो के सदस्यता अभियान की भी फीड बैक ली लाएगी। भाजपा की इस सक्रियता को लोस चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे अभ्यास वर्ग कार्यक्रम को चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं अभ्यास वर्ग के प्रदेश संयोजक युवराज बोध और जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के अभ्यास वर्ग के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
