
नई दिल्ली। डीयू में चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम के तहत दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए अच्छी खबर है। यदि उन्हें यह नहीं पता चल रहा है कि किस कॉलेज में किस कोर्स की कितनी सीटें है तो उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं। अब उन्हें एक क्लिक पर ही यह जानकारी मिल जाएगी।
दरअसल, डीयू प्रशासन ने छात्रों की सहूलियत के लिए कॉलेजों के अनुसार और विषयों के अनुसार सीटों का ब्योरा जारी कर दिया है। मसलन किस कोर्स में कितनी सीटें हैं इसकी जानकारी छात्रों को डीयू की वेबसाइट पर आसानी से मिल सकती है। अब तक छात्रों को इस बात की जानकारी नहीं मिल पा रही थी कि किस कॉलेज में कितनी सीटें है। इससे उन्हें सीटों की सही स्थिति का भी पता चल जाएगा।
उल्लेखनीय है कि चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम के अंतर्गत बीए, बी कॉम और बीएससी के जनरल कोर्सेज अब नहीं हैं और इन कोर्सेज की सीटें अलग-अलग ऑनर्स कोर्सेज में परिवर्तित कर दी गई हैं। कई कोर्सेज में तो ऑनर्स की सीटें डबल हो गई हैं। यानी बी कॉम ऑनर्स, इकनॉमिक्स ऑनर्स जैसे पॉपुलर कोर्सेज में अब कॉलेजों में पहले से काफी ज्यादा सीटें हैं।
मसलन रामलाल आनंद कॉलेज में बी कॉम ऑनर्स की अब तक 62 सीटें थी और बी कॉम पास की 77 सीटें। बी कॉम पास की सीटें बी कॉम ऑनर्स में शिफ्ट हो गई। इससे बी कॉम ऑनर्स की सीटों की संख्या 139 हो गई है। कॉलेज में बीए के पास कोर्स की 77 सीटें थी जिन्हें हिंदी, राजनीति शास्त्र, व इतिहास ऑनर्स के कोर्सेज में परिवर्तित कर दिया गया है। अब इन ऑनर्स कोर्स में अब 81-81 सीटें हो गई हैं।
