कॉलेजों की मनमानी से छात्र परेशान

नई दिल्ली। डीयू में जारी दाखिले की रेस के लिए कटऑफ बनाने में कॉलेजों ने ठीक से विश्लेषण नहीं किया, जिसका नतीजा अब कटऑफ में आने पर भी दाखिला नहीं मिलने से छात्रों को उठाना पड़ रहा है। पहली कट के बाद से शुरू हुआ यह सिलसिला तीसरी कटऑफ तक भी जारी है। शुक्रवार को सत्यवती कॉलेज में छात्रों को कहा गया कि सिर्फ दो दिन ही दाखिले होंगे। अब दाखिला नहीं मिलने के कारण छात्र व अभिभावक डीयू प्रशासन की ओर रुख कर रहे हैं, जिसके बाद प्रशासन कॉलेजों को दाखिला देने के लिए निर्देशित ही कर रहा है। श्रद्धानंद कॉलेज में तीसरी कटऑफ में बॉटनी ऑनर्स के लिए सात फीसदी की गिरावट की गई। जिसके कारण काफी संख्या में छात्र दाखिला लेने के लिए पहुंच गए। सीटों से अधिक दाखिले की शंका को देखते हुए कॉलेज ने दाखिले बंद करने की घोषणा कर दी। ऐसी सूरत में दाखिला मिलता नहीं देख छात्रों ने पहले कॉलेज फिर डीन स्टूडेंट वेलफेयर में हंगामा किया। हंगामे को देखते हुए डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो जेएम खुराना को कटऑफ में आए छात्रों की सूची तैयार करके कॉलेज को भेजनी पड़ी और दाखिले देने के निर्देश दिए। ऐेसे ही कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज, श्री अरविंदो कॉलेज व श्यामलाल कॅलेज को भी पत्र जारी कर दाखिले देने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं दयाल सिंह कॉलेज में तो एससी छात्रों को कट ऑफ में आने पर भी दाखिला नहीं दिया जा रहा।

Related posts