
सोलन। विदेश में नौकरी देने के नाम पर झांसा देकर गुजरात के चार लोगों को हिमाचल बुलाकर लूटने का मामला सामने आया है। शातिर ने शनिवार रात को सोलन के एक निजी होटल में कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर एटीएम से दो लाख रुपये उड़ा लिए। आरोपी फरार है जबकि बेहोशी में हालत में चार लोगों को सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सोलन अस्पताल में होश में आने के बाद पीडि़त लोगों ने बताया कि शातिर ने बड़ी चतुराई से गुजरात के एक अखबार में विज्ञापन देकर उन्हें पहले शिमला और फिर सोलन आने को कहा। आपबीती सुनाने के बाद पुलिस ने धारा 328 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को थाना सोलन में गुजरात निवासी ट्रिपल दर्जी नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। व्यक्ति ने फोन पर पुलिस को बताया कि विदेश में नौकरी देने के नाम पर गलेन नामक एक व्यक्ति ने उसके चाचा, भाइयों को शिमला बुलाया था। बाद में व्यक्ति ने उन्हें फोन करके सोलन बुला लिया। व्यक्ति ने कहा कि वह अपने भाई के नंबर पर फोन कर रहा है, लेकिन वह पिछले कई घंटों से फोन नहीं उठा रहा। इस पर पुलिस की टीम ने तुरंत छानबीन शुरू कर दी। कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने फिर से पुलिस को बताया कि अब उसके भाई ने फोन उठाया तथा वह नशे की हालत में एक निजी होटल में है। पुलिस जब होटल में पहुंची तो वहां चार व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे। पुलिस ने चारों को तुरंत सोलन अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि गुजरात में एक समाचार पत्र में लगे विज्ञापन के आधार पर उन्होंने दिए गए नंबर पर फोन किया। फोन पर गलेन नामक व्यक्ति ने उन्हें शिमला आनंद बिहार स्थान पर बुलाया था, लेकिन बाद में फोन पर संपर्क कर सोलन के होटल में आने की बात कही। इस पर वह सोलन में इस होटल में आ गए। व्यक्ति ने मौका पाकर उनसे एटीएम पिन नंबर एवं अन्य डिटेल पूछ ली। इस दौरान उसने कॉफी में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। होश में आने के बाद उन्हें पता चला की व्यक्ति वहां से फरार था तथा उनके एटीएम गायब हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी सोलन अनिल धोल्टा ने की है। उन्होंने बताया कि होटल में बेहोशी हालत में मिले व्यक्तियों की पहचान परम राजेश एवं उसकी पत्नी अनिता जिला आनंदपुर, गुजरात प्रितेश सोनी निवासी अहमदाबाद, सुधांशु निवासी सूरत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक एक व्यक्ति के एकाउंट से करीब दो लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। अन्य के बारे में भी पुलिस छानबीन कर रही है। आरोपी की तलाश मोबाइल लोेकेशन के आधार पर की जा रही है।
