कैसे हुई फौजी की मौत, नहीं चल पाया पता

पालमपुर (कांगड़ा)। चार माह पहले अप्पर डाढ में नायब सूबेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत राज बनकर रह गई है। सूबेदार विनोद कुमार (41) निवासी चमोटू का शव 16 दिसंबर को अप्पर डाढ में कूहल के किनारे नग्न अवस्था में पड़ा मिला था। शव को लोगों ने सुबह देखा और उसकी सूचना पुलिस को दी थी। शव की हालत को देख मौके पर गई पुलिस ने इसे हत्या का मामला दर्ज किया था। छानबीन में सूबेदार विनोद के कपड़े डाढ बस स्टैंड के रेन शेल्टर में मिले थे। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि विनोद कुमार का मर्डर हुआ था या अन्य कारणों से उसकी मौत हुई।
हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ अहम सुराग मिलने का दावा करती रही। पुलिस अब तक एक महिला समेत कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस हर पहलू की छानबीन कर रही है। पुलिस को जो साक्ष्य मिले हैं, उस पर जांच की जा रही है। इसका जल्द पता चल जाएगा कि फौजी का मर्डर हुआ था या अन्य कारणों से उसकी मौत हुई।

Related posts