
हमीरपुर। सतर्कता विभाग का हमीरपुर कार्यालय वर्तमान में मात्र दो कमरों में चल रहा है। छापामारी के दौरान पकड़े गए सामान को भी इन्हीं कमरों में जमा किया जा रहा है। सामान से दोनों कमरे भरे पड़े हैं। इससे विभाग के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में सतर्कता विभाग मात्र दो कमरों में चल रहा है। जबकि तीसरा कमरा विभाग के उपाधीक्षक का है। दो कमरों में ही जब्त किए सामान को रखने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में भविष्य में सतर्कता विभाग को काम करने में मुश्किलें आ सकती है। हाल ही में कैहलवीं में सतर्कता विभाग द्वारा 90 सरकारी सीमेंट की बोरियां पकड़ी गई थीं लेकिन जब्त सामान को रखने की उचित व्यवस्था न होने के कारण विभाग को मामला पुलिस को सौंपना पड़ा। पहले ही कमरों में ठूंस ठूंस कर भरे सामान में कर्मचारी ठोकरें खाने को मजबूर हैं। ऐसे में सीमेंट की 90 बोरियां कमरों में रख पाना असंभव सा था। हालांकि कई बार प्रशासन के समक्ष मुद्दे को उठाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
उधर, डीएसपी विजिलेंस बलवीर सिंह ने माना कि सतर्कता विभाग को जब्त किए सामान को रखने में परेशानी हो रही है। सीमेंट को रखने के लिए पर्याप्त स्थान न होने के कारण मामला भोरंज पुलिस को सौंपा गया था।
