कैमरे के सामने आया नरभक्षी तेंदुआ

बिलासपुर। नरभक्षी तेंदुआ भराड़ी क्षेत्र में घूम रहा है। इसकी हरकत पर नजर रखने के लिए लगाए गए कैमरा ट्रैप कारगर साबित हो रहे हैं। भराड़ी क्षेत्र में कैमरे से तेंदुए की हरकत का पता चला है। लिहाजा, वन विभाग ने अब इलाके में और कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इलाके में अमेरिका से मंगवाए गए आठ और विदेशी कैमरे फिट किए जा रहे हैं। कैमरों की संख्या अब 13 हो गई है।
भराड़ी रेंज में तेंदुए की गतिविधियों पर अब अमेरिकन पद्धति के पांच नहीं, बल्कि तेरह कैमरा ट्रैप नजर रखेंगे। वन विभाग की ओर से तेंदुए सहित अन्य जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आठ और कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। आवश्यकता हुई तो और कैमरा मंगवाए जाएंगे। अधिकारियों की मानें तो भराड़ी रेंज में तेंदुए की गणना के लिए यह कैमरा ट्रैप मददगार साबित होंगे। हालांकि वन विभाग ने इससे पहले पांच कैमरा ट्रैप लगाए हैं, लेकिन मात्र एक कैमरा ट्रैप में ही तेंदुए की गतिविधि दर्ज की गई।
इसके चलते विभाग की ओर से आठ कैमरा ट्रैप और लगाने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार भराड़ी रेंज में तेरह कैमरा ट्रैप तेंदुए सहित अन्य जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। डीएफओ बिलासपुर डीआर कौशल ने कहा कि तेंदुए सहित अन्य जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भराड़ी रेंज में आठ और कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले पांच कैमरा ट्रैप थे। एक कैमरा ट्रैप में तेंदुए की गतिविधि दर्ज की गई है।

Related posts