
पंजावर/हरोली/ऊना। क्षेत्र के बनखंडी में मंगलवार सुबह एक कैंटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में कैंटर चालक की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि कैंटर में सवार अन्य एक व्यक्ति बुरी तरह से जख्मी हो गया है। उसे अचेत अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रविंद्र सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार देहरा निवासी रविंद्र सिंह मंगलवार सुबह कैंटर लेकर पंजाब के होशियारपुर से ऊना की ओर आ रहा था। इसी दौरान बनखंडी के पास कैंटर अनियंत्रित होकर ढांक से नीचे जा लुढ़का। हादसे में कैंटर चालक रविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कैंटर पर सवार अन्य एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। वहीं डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
