
ऊना। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के लोग हार के डर से पैदा हुई बौखलाहट के कारण लड़ाई झगड़ा कर रहे हैं। रात को थाने में पुलिस अधिकारी और थाना का स्टाफ था। फिर भी उनके पीएसओ की ओर से एफआईआर दर्ज कराने में तीन घंटे लगे। मुख्यमंत्री और मंत्रियों समेत पूरी कांग्रेस सरकार के हस्तक्षेप से ऐसे हालात बने। पीएसओ भी पुलिस विभाग का ही कर्मचारी है, फिर भी ऐसा व्यवहार हुआ। एफआईआर दर्ज करना थाने के मुंशी का होता है, लेकिन इस मामले में एचपीएस अफसर भी उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ते रहे।
सत्ती ने कहा कि नशे में धुत्त कांग्रेस के लोगों ने नुक्कड़ नाटक कर रहे भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। अबादा बराना में मारपीट का शिकार हुए भाजपा के लोगों ने जब पड़ोसी पंचायत के उप प्रधान जगदेव जग्गा को बुलाया तो नशे में धुत्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ भी मारपीट की। वे रात को बडैहर से नुक्कड़ सभा के लिए ऊना आ रहे थे। अबादा बराना में सड़क पर भीड़ देख पीएसओ को रास्ता खुलवाने को कहा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पीएसओ को भी पीटा। हमला करने वाले लोगों में पूर्व प्रधान और उनके बेटे शामिल हैं। पूर्व प्रधान कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता ही है। दुकान के आगे नुक्कड़ सभा कांग्रेस के लोगों का एक बहाना मात्र है। इस तरह की गुंडागर्दी करके कांग्रेस चुनाव जीतने की फिराक में है। चुनाव आयोग द्वारा गड़बड़ियों पर नजर रखने के लिए नियुक्त अधिकारी भी ऊना में गायब दिख रहे हैं। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है और पैरा मिल्ट्री फोर्स की चप्पे पर तैनाती हो।
