
नई दिल्ली। छावला इलाके में शनिवार रात केबल कनेक्शन के पैसे नहीं देने पर कर्मचारी ने किशोर को जान से मारने की धमकी दी। बचाव में आए पिता की कनपटी पर पिस्टल रखकर गोली मारने की धमकी दी। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से पुलिस को एक 9 एमएम की पिस्टल मिली है। आरोपी की पहचान न्यू महावीर नगर निवासी रमनीक सिंह (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रमनीक पर वाहन चोरी के पांच मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह तिहाड़ जेल से छूटा है। उसके बाद केबल ऑपरेटर के यहां काम कर रहा है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पिस्टल केबल ऑपरेटर का है। ऑपरेटर अभी दिल्ली से बाहर है, उसके आने के बाद ही पिस्टल के बारे में खुलासा होगा।
