
नैरोबी: केन्या पुलिस ने नैरोबी के मॉल में हुए आतंकवादी हमले की जांच बुधवार को शुरू कर दी। इस हमले में पांच हमलावरों सहित कम से कम 72 लोगों की मौत हुई है। इस जांच को अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन (एफबीआई), स्काटलैंड यार्ड और इजरायल तथा जर्मनी की खुफिया एजेंसियां सहयोग दे रही हैं। इसके साथ ही अधिकारी वेस्टगेट मॉल के मलबे से और शवों की तलाश कर रहे हैं।
इस बात के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है कि शनिवार को मॉल पर धावा बोलने वाले आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के संघर्ष में मॉल की तीन मंजिलें क्यों ध्वस्त हो गईं। राष्ट्रपति उहरु केन्याटा ने मंगलवार को एक टेलीविजन संबोधन में कहा कि इस आतंकी हमले में कम से कम 72 नागरिकों की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मलबे से और भी शव निकाले जा रहे हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उधर रेडक्रास ने कहा कि मॉल में हमले के समय मौजूद 71 लोग अभी भी लापता हैं
