
खन्ना: गोवा के महान शहीद मास्टर करनैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धा के फू ल भेंट करने के लिए अकाली-भाजपा की तरफ से जत्थेदार रणजीत सिंह तलवंडी के नेतृत्व में हुई शहीदी कान्फ्रैंस में भारी बारिश के बावजूद भी लोगों के उमड़े जन सैलाब ने हर तरफ तलवंडी का परचम लहरा दिया है। इस कान्फ्रैंस में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शहीद को श्रद्धा के फूल भेंट करते हुए कहा कि महान शहीद मा. करनैल सिंह ईसड़ू ने गोवा को पुर्तगालियों से आजाद करवाने में अहम भूमिका निभाई थी।
पंजाबियों को बलिदान देने की प्रेरणा सिख गुरु साहिबान से विरासत में मिला है। खासकर श्री गुरु अर्जुन देव जी और श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी जिन्होंने समुचित मानवता व धर्म की खातिर बलिदान देकर अनोखी मिसाल कायम की थी। बादल ने कहा कि शहीदों द्वारा किया बलिदान हमेशा हमारे नौजवानों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते बादल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही पंजाब के शान्ति भरे माहौल को खराब करने के लिए चालें चलती रहती है। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि पंजाब के सिख कांग्रेस को अपने मामलों में किसी भी हालत में दखल नहीं देने देंगे।
बादल ने आटा-दाल लाभार्थियों की संख्या 16 लाख से बढ़ाकर 32 लाख करने का ऐलान किया। इस अवसर पर सूचना व लोक संपर्क मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने शहीद करनैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धा के फू ल भेंट करते हुए कहा कि अब लोग कांग्रेस लीडरशिप की भद्दी चालों से पूरी तरह अवगत हो चुके हैं और राज्य के लोग आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र की कांग्रेसी सरकार का पूरी तरह सफाया कर देंगे। इस दौरान पूर्व विधायक व हलका प्रभारी रणजीत सिंह तलवंडी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और पिछले वर्ष मानी गई मांगों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
