केन्द्र में होगी एनडीए, कांग्रेस का होगा पत्ता साफ : बादल

खरड़: पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी तथा इस चुनाव में कांग्रेस का पत्ता साफ हो जाएगा। बादल ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लोग केन्द्र की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से भलीभांति अवगत हो चुके है।

उन्होने केन्द्र के कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण ही आज देश अनेकों समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि मंहगाई ने लोगों का जीवन बद से बदतर कर दिया है। मंहगाई के कारण लोगों के लिए दैनिक वस्तुएं खरीदना लोगों के बस से बाहर की बात हो गई है।

अन्न सुरक्षा बिल लागू करने संबधी प्रशनों के जवाब में उन्होने कहा कि शिअद और भाजपा सरकार द्वारा पहले ही लोगों को चार रूपये किलो आटा और 20 रूपए किलो दाल उपलब्ध करवाई जा रही है। केन्द्र सरकार ने यह अध्यादेश लाकर पंजाब की नकल की है। उन्होने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में गरीबों के कल्याण के लिए किसी भी स्कीम को पूरी वचनबद्धता से लागू करने में विश्वास रखती है।

हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा चंडीगढ़ संबधी दिए बयान के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे प्रश्न के उत्तर में उन्होने कहा कि लीडरों को ऐसे बयान देने से परहेज करना चाहिए क्योकि पंजाब का चंडीगढ़ पर पूरा अधिकार है।

Related posts