
आनी (कुल्लू)। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार गरीब लोगों के अधिकारों से खिलवाड़ कर रही है। इस सरकार के राज में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। आंकड़ों पर नजर डालें तो यूपीए सरकार नौ वर्ष में 70 लाख करोड़ रुपये के घोटाले अब तक कर चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में अटल जी की सरकार थी तो देश में महंगाई काबू में थी और सेना ने कारगिल का युद्ध भी जीता था। लेकिन, अब तो चीन की सेना लेह में बैठी है और पाकिस्तान हमारे देश के सैनिकों के सिर काट कर ले जा रहा है। लेकिन, केंद्र की भ्रष्ट सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। शांता कुमार आनी के श्वाड़ में जयराम ठाकुर के लिए आयोजित जनसभा में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज गरीब को दो वक्त की रोटी नहीं मिल पा रही है। वहीं, यूपीए सरकार गरीब को तो अनाज दे नहीं पाई लेकिन चार हजार करोड़ रुपये का अनाज पानी से सड़ा जरूर दिया। आज पड़ोसी देश पाकिस्तान और चीन हमारे घर में बैठ कर आंखें दिखा रहे हैं। प्रदेश में रेल लाइन को जोगिंद्रनगर से एक इंच तक आगे नहीं बढ़ाया गया। केंद्र से यूपीए सरकार को हटाने के लिए जयराम को जीता कर भेजना जरूरी है। इस अवसर पर संगठन मंत्री शिशु भाई धर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष अमर ठाकुर, पूर्व विधायक किशोरी लाल, गंगा राम चंदेल, अनु ठाकुर, रफतार ठाकुर, जीवन ठाकुर, दुनीचंद, ओम प्रकाश, खेम चंद, रूप लाल, योगेश परमार, शशी मल्होत्रा, नूरदास, रत्न भारती, तिलक राज, डोला राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
