
पालमपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा में हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार और गुरदासपुर (पंजाब) के सांसद विनोद खन्ना ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सेवाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया। शांता ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे पर धुंध के कारण उड़ान को स्थगित करना पड़ता है। इस कारण उड़ान को वापस दिल्ली भेजना पड़ता है। कांगड़ा हवाई अड्डे पर धुंध की जानकारी देने वाला यंत्र लगाया जाए, ताकि उड़ानों पर धुंध का असर न पडे़। कांगड़ा हवाई अड्डे पर किसी कारणवश दिल्ली से आने वाली उड़ानें नहीं उतर पाती हैं तो उन्हें पठानकोट हवाई अड्डे पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे पर हवाई यानों में ईंधन भरने की सुविधा नहीं है। इस कारण विमान में कुछ सीटें खाली रखनी पड़ती हैं। कांगड़ा हवाई अड्डे पर ईंधन भरने की सुविधा प्रदान की जाए। दिल्ली -कांगडा हवाई यात्रा का किराया उतरी पूर्वी राज्यों के एक घंटे की अवधि वाले किराये के समान होना चाहिए। इस पर उड्डयन मंत्री ने दोनों सांसदों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही कांगड़ा और पठानकोट हवाई अड्डे में सेवाओं की समस्याओं का जल्द समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।
