
नई दिल्ली। कृष्णा नगर इलाके से 21 साल के एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। शनिवार को युवक किसी काम से घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार को उसने परिजनों के मोबाइल पर फोन करके अगवा होने की सूचना दी। रोते हुए युवक ने बताया कि वह करनाल में एक कार की डिग्गी में बंद है और अपहर्ता उसे मारने जा रहे हैं। फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस की कई टीम युवक की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सरफराज परिवार के साथ न्यू शांति मोहल्ला में रहता है और गांधी नगर स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह पिता का मोबाइल फोन लेकर घर से किसी काम के लिए निकला, मगर वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह करीब सात बजे सरफराज का अपनी भाभी गुड़िया के मोबाइल पर फोन आया। सरफराज ने भाभी को बताया कि उसे चार-पांच लोगों ने कार से अगवा कर लिया है। वह इस समय हरियाणा के करनाल में कार की डिग्गी में बंद है। बदमाश उसे मारना चाहते हैं। इसके बाद फोन कट गया। सरफराज की बहन रिहाना ने इस बारे में तत्काल सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस को दिए बयान में पिता छिद्दू ने बताया कि सरफराज का रुपयों को लेकर अपनी फैक्टरी मालिक से कुछ विवाद चल रहा है। पुलिस इस दृष्टिकोण से भी मामले की छानबीन कर रही है।
