कुवैत भेजने के नाम पर दो लाख ठगे

अंब (ऊना)। उपमंडल के दिलवां क्षेत्र के एक व्यक्ति से कुवैत भेजने के नाम पर करीब दो लाख रुपये हड़प लेने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार व्यक्ति विगत तीन महीने से आरोपी को ढूंढ रहा था। गत सप्ताह उसे पता चला कि उसके साथ ठगी करने वाला जेल में बंद है। कोर्ट के आदेश पर अंब थाना में अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी कुठारबीत का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ओंकार सिंह निवासी दिलवां अंब पेशे से क्रेन आपरेटर है। 2007 से लेकर 2010 तक सऊदी अरब में भी उसने काम किया है। 2013 में उसकी मुलाकात राकेश कुमार निवासी कुठारबीत से हुई। कुछ दिन बाद राकेश कुमार ने उसे बताया कि वह लोगों को कुवैत भेजने का काम करता है। अगर कोई कुवैत जाना चाहे तो वह उसे बता दे। इस पर ओंकार सिंह ने स्वयं कुवैत जाने की इच्छा जताई। इसके लिए राकेश ने उससे ढाई लाख रुपये की मांग की। ओंकार सिंह ने उस वक्त उसे दो लाख रुपये दिए तथा बाकी की रकम एयरपोर्ट पर देने को कहा। 19 जनवरी को राकेश ने उसे टिकट और वीजा तैयार है, कहकर दिल्ली बुलाया। ओंकार सिंह जब 19 जनवरी को दिल्ली पहुंचा तो उसे न तो राकेश मिला और न ही उसकी मोबाइल पर बात हो पाई। राकेश का मोबाइल स्विच आफ था। करीब एक सप्ताह तक रुकने के बाद ओंकार सिंह निराश होकर दिल्ली से लौटा। उसके बाद उसने राकेश की तलाश तेज कर दी।
गत सप्ताह उसे यह ज्ञात हुआ कि राकेश कुमार ठगी के आरोप में जेल में बंद है। इस पर ओंकार सिंह ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ अरजी दायर करके मामला दर्ज करने की गुहार लगाई। शिकायत पत्र के आधार पर न्यायालय ने अंब पुलिस को आदेश दिए कि राकेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच करें। मामला दर्ज होने क ीपुष्टि करते हुए डीएसपी अंब सागर चंद्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर राकेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts